देहरादून{शैली श्रीवास्तव}- पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां उत्तराखंड की प्रमुख नदियों में भी प्रवाहित होंगी। इसके लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट अस्थि कलश लेने दिल्ली जाएंगे। यह अस्थियां देवप्रयाग में गंगा, अलकनंदा और मदांकिनी के संगम स्थल रुद्रप्रयाग में, पिंडर और अलकनंदा के संगम स्थल कर्णप्रयाग में भी विसर्जन होगा। इनमें हजारों लोग शामिल होंगे। इसी तरह कुमाऊं मंडल में चित्रशिला, गौलाघाट और सरयू नदी में अस्थियां प्रवाहित की जाएंगी।
अजय भट्ट ने कहा कि प्रदेश के लाखों लोग अटल जी को श्रद्धांजलि देना चाहते हैं। क्योंकि अटल जी के विराट व्यक्तित्व के कारण जनता में उनके प्रति अपार लोकप्रियता है। प्रदेश से और भी लाखों लोग अस्थि विसर्जन में शामिल होना चाहते थे, लेकिन वे कहीं रास्ते खराब होने के कारण तो कहीं कोई अन्य कारणों की वजह से हरिद्वार नहीं जा सके। ऐसे लोगों की भावनाओं को देखते हुए पार्टी हाईकमान ने गढ़वाल तथा कुमाऊं में कई और स्थानों पर अटलजी के अस्थि विसर्जन कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी बताया कि आज वह अस्थि कलश लेने के लिए दिल्ली जाएंगे। साथ ही भट्ट ने प्रदेश सरकार की कुछ योजनाओं और प्रतिष्ठानों के नाम अटल जी के नाम पर रखे जाने के भी संकेत दिए हैं। इस संबंध में उनकी मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से चर्चा हुई है।



