बदलते हुए नए भारत व नए उत्तर प्रदेश को भी देश व प्रदेशवासियों ने महसूस किया : सीएम योगी

0
586

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इण्डियन चैम्बर ऑफ कॉमर्स (आई0सी0सी0) की वार्षिक आम बैठक को वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश देश की आबादी का सबसे बड़ा राज्य है। प्रदेश में लगभग 25 करोड़ आबादी निवास करती है। प्रदेश का विकास आजादी के बाद जिस तेजी से आगे बढ़ना चाहिए था। कमोबेश कहीं न कहीं उसका अभाव दिखायी दिया। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी राष्ट्रव्यापी और विश्वव्यापी सोच ने बदलते हुए भारत की नई तस्वीर प्रस्तुत की। बदलते हुए नए भारत व नए उत्तर प्रदेश को भी देश व प्रदेशवासियों ने महसूस किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास की प्रक्रिया को तेजी के साथ आगे बढ़ाते हुए एक नई अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। विगत 05 वर्षों के दौरान राज्य सरकार ने अपने नागरिकों के हितों को ध्यान में रखकर प्रत्येक क्षेत्र में विकास का कार्य किया है। प्रदेश में रोजगार की दृष्टि से निवेश की सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेण्ट सहित विकास के प्रत्येक क्षेत्र में रिफॉर्म को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की कानून-व्यवस्था देश के लिए नजीर बनी है। राज्य सरकार द्वारा कानून-व्यवस्था के लिए प्रदेश में सकारात्मक वातावरण बनाया गया। प्रदेश में नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। साथ ही, बेहतर ट्रेनिंग की भी व्यवस्था की गयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश ने देश में सबसे अच्छी छलांग लगायी है। वर्ष 2015-16 में उत्तर प्रदेश ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ में 14वें स्थान पर था। आज दूसरे स्थान पर आ गया है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था वर्ष 2015-16 में छठी अर्थव्यवस्था मानी जाती थी। आज राज्य देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। प्रदेश में किसानों की आमदनी बढ़ी है। किसानों के हितों के अनुकूल विभिन्न कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है, जिससे उनके जीवन में परिवर्तन देखने को मिला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here